उत्तरी कोरिया की सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने रविवार को किम जोंग उन का यह बयान प्रकाशित किया कि वह इस पत्र के बारे में गंभीरता के साथ मंथन कर रहे हैं।
किम ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प ने असाधारण साहस का परिचय दिया है और हम इस पत्र के बारे में गंभीरता से विचार कर रहे हैं।
वाइट हाउस ने यह नहीं बताया है कि ट्रम्प का पत्र किम जोंग उन को कब और किस तरह दिया गया और इसमें क्या लिखा गया है।
इसी महीने डोनल्ड ट्रम्प ने बयान दिया था कि उन्हें उत्तरी कोरिया के शासक का सुंदर पत्र प्राप्त हुआ है। यह वियतनाम की राजधानी हनोई में दोनों नेताओं की वार्ता की नाकामी के बाद इस संदर्भ में ताज़ा बयान था।
अटकलें हैं कि यह पत्राचार दोनों नेताओं की तीसरी शिखर बैठक का रास्ता प्रशस्त कर सकता है।
आगामी 29 जून को डोनल्ड ट्रम्प दक्षिणी कोरिया की राजधानी सियोल का दौरा करने वाले हैं, कुछ विशेषज्ञ यह मानते हैं कि ट्रम्प इस यात्रा के दौरान किम जोंग उन से दोनों कोरियाओं के सीमावर्ती इलाक़े में मुलाक़ात करने की इच्छा रखते हैं।